छत्तीसगढ़बलौदा बाजार

“घायल बच्चे से मिले मंत्री टंकराम वर्मा, बोले-दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई”

बलौदाबाजार (विश्व परिवार)। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा आज बलौदाबाजार जिला अस्पताल पहुंचे और गार्ड द्वारा मारपीट में गंभीर रूप से घायल बालक का हालचाल जाना। उन्होंने परिवार से बातचीत कर ढांढस बंधाया और डाॅक्टर को बालक के अच्छे से इलाज करने के निर्देश दिए।
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि एक छोटे से बच्चे को सीमेंट संयंत्र के गार्ड द्वारा उठा उठाकर पटकने का वीडियो वायरल हुआ था। इस घटना में बालक घायल है। उसका इलाज जिला चिकित्सालय में जारी है। अभी उससे बातचीत कर हालचाल पूछा हूं, स्थिति पहले से बेहतर है। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से सीमेंट संयंत्र प्रबंधन को भी निर्देश दिया गया है।
बता दें कि बलौदाबाजार जिले के रवान स्थित सीमेंट फैक्ट्री में 12 वर्षीय बालक के साथ कथित बर्बर मारपीट की घटना सामने आई थी। एक नाबालिग आम तोड़ने के लिए फैक्ट्री परिसर की दीवार पर चढ़ गया था। इसी दौरान सुरक्षा गार्डों ने उसे अंदर बुलाया और चोरी का आरोप लगाते हुए बेरहमी से मारपीट की थी। घायल बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी गार्ड को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य दो की तलाश जारी है। संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही फैक्ट्री प्रबंधन से भी जवाब मांगा गया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts