छत्तीसगढ़बिलासपुर

स्पंज आयरन प्लांट में काम के दौरान पिघला लोहा गिरा मजदूरों पर, चार गंभीर रूप से झुलसे

बिलासपुर (विश्व परिवार)। जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र स्थित एक स्पंज आयरन प्लांट में काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नोवा स्पंज आयरन प्लांट के फर्नेस सेक्शन में पिघला हुआ लोहा अचानक मजदूरों पर गिर गया, जिससे चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात प्लांट में मजदूर अपनी ड्यूटी कर रहे थे। शिफ्ट बदलने के बाद रात करीब 1 बजे बिल्हा के ग्राम भैंसबोड़ निवासी नरेंद्र कोसले, चंद्रहास और बिहार के धर्मवीर व विनय कुमार फर्नेस में पिघले हुए आयरन को लैडल में भरने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक खौलता हुआ लोहा उन पर गिर गया।
हादसे के बाद चारों मजदूर गर्मी और पिघले लोहे की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही गिर पड़े। वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और प्लांट में मौजूद एक अधिकारी की कार से अस्पताल पहुंचाया। बाद में उन्हें प्रताप चौक स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायलों का आरोप है कि प्लांट प्रबंधन द्वारा उन्हें पर्याप्त सुरक्षा किट उपलब्ध नहीं कराई गई थी और बिना सुरक्षा उपकरण के ही काम कराया जा रहा था।
डॉक्टरों के अनुसार चारों मजदूर करीब 25 से 40 प्रतिशत तक झुलस गए हैं और उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और औद्योगिक सुरक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts