धर्म

“नमामि विद्यासागरमं” अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन

भिलाई (विश्व परिवार)। आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के द्वितीय समाधि स्मृति दिवस के अवसर पर जैन युवा संघ, भिलाई के तत्वावधान में एक भव्य धार्मिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन आचार्य श्री के तप, त्याग और दिव्य जीवन को समर्पित रहा, जिसमें जैन समाज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत भजन-भक्ति के पावन वातावरण के साथ हुई। सर्वप्रथम अनेकांत जैन के निर्देशन में गुरुजी की संगीतमय महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें 108 दीपकों से आचार्य भगवान की आरती की गई। इस दिव्य आरती में समस्त जैन समाज ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता निभाई व कार्यक्रम का मंगलाचरण श्रीमती मंजूषा जैन ने किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राकेश पांडेय, अध्यक्ष खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड (कैबिनेट मंत्री) एवं छत्तीसगढ़ जैन समाजरत्न विनोद बड़जात्या जी उपस्थित रहे। जैन युवा संघ एवं समाज के पदाधिकारियों तथा कार्यक्रम सहयोगियों द्वारा अतिथियों व कवियों को सम्मान पत्र, श्रीफल, माला एवं तिलक लगाकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का मंच संचालन जैन युवा संघ के मंत्री निशांत जैन द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। स्वागत उद्बोधन श्री प्रशांत जैन ने दिया। आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के जीवन, उनके आध्यात्मिक योगदान तथा जैन युवा संघ की गतिविधियों पर सीए क्षितिज जैन ने प्रकाश डाला।

उपस्थित ख्यातिप्राप्त कवि अजय अहिंसा, मुकेश मनमौजी, नलिन निर्मल, अर्चना अर्चन, आशीष निशंक द्वारा आचार्य श्री पर आधारित काव्य पाठ प्रस्तुत किया गया, जिसने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।

अखिल भारतीय कवि सम्मेलन के माध्यम से सैकड़ों की संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने आचार्य श्री को भावपूर्ण विनयांजलि अर्पित की। पूरा वातावरण श्रद्धा, भक्ति और साहित्यिक चेतना से ओतप्रोत रहा।

कार्यक्रम ने आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम प्रदान किया। जैन युवा संघ के अध्यक्ष सचिन जैनम ने कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु सभी श्रोताओं, प्रभारियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts