छत्तीसगढ़रायपुर

महाराज बंद तालाब के पास ‘नंदू’ का नशे का खेल बेनकाब, 140 नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार

रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए थाना पुरानी बस्ती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। महाराज बंद तालाब के पास ग्राहकों की तलाश में घूम रहे एक युवक को पुलिस ने रंगे हाथों दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में नशीली टेबलेट बरामद हुई, जिससे इलाके में चल रहे अवैध धंधे का पर्दाफाश हो गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान विवेक प्रधान उर्फ नंदू (26 वर्ष), निवासी बीएसयूपी कॉलोनी खमरहडीह के रूप में हुई है। उसके पास से पीले रंग के थैले में रखी नाइट्राजेपाम की 14 स्ट्रिप, कुल 140 टेबलेट जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 14 हजार रुपये बताई जा रही है। पूछताछ के दौरान आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा, जिससे संभावित रूप से युवाओं तक पहुंचने वाली नशीली दवाओं की खेप समय रहते जब्त कर ली गई। आरोपी के खिलाफ थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत धारा 21(ब), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि शहर में नशे का जाल फैलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार और सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts