रायपुर (विश्व परिवार)। भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (क्षेत्र संकार्य प्रभाग) ने आगामी राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण 2026 की तैयारियों के तहत रायपुर में दो दिवसीय क्षेत्रीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया।
राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण 2026 का संचालन अप्रैल 2026 से मार्च 2027 तक देशभर में किया जाएगा। इस सर्वेक्षण का उद्देश्य परिवारों की आय के पैटर्न, जीवन स्तर तथा आर्थिक स्थिति से संबंधित व्यापक और विश्वसनीय जानकारी एकत्र करना है। सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़े विभिन्न आबादी समूहों और क्षेत्रों में आय के वितरण की स्पष्ट तस्वीर प्रस्तुत करेंगे, जिससे नीति-निर्माताओं को प्रभावी एवं साक्ष्य-आधारित सामाजिक-आर्थिक नीतियां तैयार करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
सर्वेक्षण के सुचारु एवं सफल क्रियान्वयन के उद्देश्य से 09 मार्च 2026 को राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर के सभागार में क्षेत्रीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, रायपुर के उप महानिदेशक श्री अल्ताफ हुसैन हाजी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने सर्वेक्षण की सफलता के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और फील्ड अधिकारियों की प्रतिबद्धता को अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे सर्वेक्षण के दौरान फील्ड अधिकारियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें और सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं।
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, रायपुर की उप निदेशक एवं कार्यालय प्रमुख सुश्री सचिता राकेश अग्रवाल ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण 2026 देश की आर्थिक संरचना को समझने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने उच्च गुणवत्ता वाले आंकड़ों के संकलन में प्रशिक्षण की केंद्रीय भूमिका पर बल दिया।
क्षेत्रीय प्रशिक्षण शिविर में उप-क्षेत्रीय कार्यालय, बिलासपुर के सहायक निदेशक श्री ऋषभ सिंह तथा उप-क्षेत्रीय कार्यालय, अंबिकापुर के सहायक निदेशक श्री प्रखर गुप्ता भी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में क्षेत्रीय कार्यालय एवं उप-क्षेत्रीय कार्यालयों के वरिष्ठ सांख्यिकीय अधिकारी, कनिष्ठ सांख्यिकीय अधिकारी, सर्वे पर्यवेक्षक तथा सर्वे प्रगणकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण सत्रों के दौरान वरिष्ठ सांख्यिकीय अधिकारी श्री विजय कुमार राखोंडे तथा श्री एस. के. राणा ने प्रतिभागियों को सर्वेक्षण के उद्देश्यों, सर्वेक्षण पद्धति, संचालन प्रक्रिया तथा फील्ड डेटा संग्रह के लिए निर्धारित प्रश्नावली के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया।
यह क्षेत्रीय प्रशिक्षण शिविर राष्ट्रीय स्तर पर संचालित व्यापक तैयारी प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य सर्वेक्षण के दौरान मानकीकृत प्रक्रियाओं का पालन, आंकड़ों की शुद्धता तथा समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।
96OO.jpeg)





