देशनई दिल्ली

बजट सत्र में बयानबाजी पर एनडीए का राहुल गांधी पर हमला

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयानों को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। एनडीए के सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों ने उन पर बिना तथ्यों के आरोप लगाने, सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाने और संसदीय परंपराओं का उल्लंघन करने के आरोप लगाए हैं।
चिराग पासवान ने उठाया विशेषाधिकार प्रस्ताव का मुद्दा
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि गंभीर पद पर बैठे व्यक्ति को अपनी मर्यादा और जिम्मेदारी समझनी चाहिए। उन्होंने संकेत दिया कि विशेषाधिकार प्रस्ताव एक अधिकार है और यदि कोई निराधार बातें करता है तो ऐसा कदम उठाया जा सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रस्ताव लाया जाएगा या नहीं, इस पर अभी कोई पुष्टि नहीं है।
बीएल वर्मा बोले- बजट सत्र में किया गया व्यवधान
केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि बजट सत्र अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, लेकिन विपक्ष के सांसदों ने न अपनी गरिमा का ख्याल रखा और न ही संसद की। उनके मुताबिक, बजट सत्र में व्यवधान पैदा किया गया, जबकि यह सभी के लिए अच्छा बजट है।
रामदास आठवले ने बयानबाजी पर जताई आपत्ति
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि राहुल गांधी के बयान आधारहीन होते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसदों को स्पीकर से मिलने और बात करने का अधिकार है, लेकिन स्पीकर को धमकी देना भारतीय संसदीय इतिहास में अभूतपूर्व है और यह रवैया उचित नहीं है।
जेडीयू और भाजपा सांसदों का हमला
जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि जब लेखक और प्रकाशक दोनों कह चुके हैं कि किताब प्रकाशित नहीं हुई, तब भी राहुल गांधी नियम-कानूनों से ऊपर खुद को मानते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष लोकसभा को बंधक बनाने की कोशिश कर रहा है।
बिना तथ्यों के बयान देना लोकतंत्र के लिए घातक: रवि किशन
भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि बिना तथ्यों के बयान देना लोकतंत्र के लिए घातक है और यह विपक्ष की हताशा को दर्शाता है। वहीं, भाजपा सांसद रेखा शर्मा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सदन को बाधित करते हैं और बिना सोचे-समझे नाम लेकर लोगों को बदनाम करते हैं।
भाजपा सांसद शशांक मणि ने कहा कि मुद्दों के अभाव में विपक्ष झूठ का सहारा ले रहा है और इस बार ऐसे लोगों के नाम लिए गए जो सदन में मौजूद भी नहीं थे। कई सदस्यों ने इस पर आपत्ति जताई।
राजस्थान भाजपा अध्यक्ष और अन्य नेताओं की प्रतिक्रिया
राजस्थान भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद मदन राठौड़ ने कहा कि राहुल गांधी को जो भी कहना है, वह सदन में तथ्यों के साथ कहना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट पर चर्चा के दौरान मुद्दों से भटकाने की कोशिश की जाती है।
भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि यदि संसद को अखाड़ा बनाया जाएगा और असंसदीय भाषा का प्रयोग होगा तो नियमों के तहत कार्रवाई होना स्वाभाविक है। उनके अनुसार, जो भी कदम उठाया जाएगा, वह संसदीय परंपराओं के अनुरूप होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts