जगदलपुर। रायपुर–जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग NH-30 पर पुराने टोल प्लाजा के समीप मेटावाड़ा क्षेत्र में रफ्तार का कहर देखने को मिला। तेज गति से गुजर रहे एक अज्ञात मारुति वाहन ने भालू को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि भालू गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। विभागीय अधिकारियों ने घटनास्थल से वाहन के टूटे हुए हिस्से बरामद किए हैं, जिससे हादसे की पुष्टि हुई है। वन विभाग के एसडीओ देव लाल दुग्गा ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी वाहन की पहचान की जा सके।
वन विभाग के अनुसार, मृत भालू के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और सभी आवश्यक औपचारिकताओं के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।





