रायपुर (विश्व परिवार)। NSUI ने छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने की मांग को लेकर प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। राजधानी रायपुर के राजीव भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से छात्रसंघ चुनाव नहीं होने के कारण छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने जानकारी दी कि आंदोलन की शुरुआत 27 मार्च से की जाएगी। इस दिन प्रदेश के सभी कॉलेजों में प्राचार्यों के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद 6 अप्रैल को प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों का एक साथ घेराव कर प्रदर्शन किया जाएगा।
संगठन का कहना है कि यह आंदोलन सिर्फ छात्रसंघ चुनाव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बढ़ती फीस, छात्रवृत्ति में देरी, शिक्षकों की कमी, परीक्षा-परिणाम में गड़बड़ी, प्लेसमेंट, हॉस्टल, परिवहन और डिजिटल सुविधाओं जैसी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।
NSUI ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं होती, तो आंदोलन को और तेज करते हुए व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।





