बीरगांव (विश्व परिवार)। होली के पावन अवसर पर नगर पालिक निगम बीरगांव में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और सहभागिता को बढ़ावा देने हेतु विशेष स्वच्छता श्रमदान अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
अभियान के अंतर्गत आयुक्त महोदय ने स्वयं अपने कार्यालय कक्ष (केबिन) की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने-अपने कक्षों एवं कार्यालय परिसर की साफ-सफाई कर श्रमदान किया।
आयुक्त श्री उर्वशा ने कहा कि होली जैसे पावन पर्व पर हमें अपने घरों के साथ-साथ कार्यस्थल की स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। स्वच्छ वातावरण न केवल सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है, बल्कि कार्यक्षमता को भी बढ़ाता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने और आम नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
इस पहल से निगम कार्यालय में स्वच्छता के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ। कर्मचारियों ने भी इस अभियान को सराहनीय बताते हुए भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
नगर पालिक निगम बीरगांव द्वारा आगे भी विभिन्न अवसरों पर स्वच्छता संबंधी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि स्वच्छ एवं सुंदर बीरगांव के लक्ष्य को साकार किया जा सके।





