छत्तीसगढ़मुंगेली 

ऑपरेशन बाज’ का शिकंजा! 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 5 तस्कर धराए, 3.81 लाख की संपत्ति जब्त

मुंगेली (विश्व परिवार)। सूखे नशे के सौदागरों पर मुंगेली पुलिस ने ऐसा वार किया है कि जिले में हडक़ंप मच गया है। भारत सरकार के नशा मुक्त भारत पखवाड़ा अभियान के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान में थाना जरहागांव क्षेत्र से ब्राउन शुगर की बड़ी खेप के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर, छह मोबाइल, एक बाइक और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन समेत कुल 3 लाख 81 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पूरी कार्रवाई भोजराम पटेल के निर्देशन में चल रहे ऑपरेशन बाज के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में साइबर सेल और जरहागांव थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर सूचना पर जरहागांव श्मशान घाट के पास घेराबंदी कर रेड डाली। मौके से पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई तो उनके पास अलग-अलग पारदर्शी जिपर पन्नियों में रखी ब्राउन शुगर बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों में समीर कश्यप, सियाराम कश्यप, विरेन्द्र श्रीवास, लोकेश उर्फ लक्की कश्यप और रविशंकर कश्यप उर्फ बब्बा शामिल हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ब्राउन शुगर उत्तरप्रदेश के नैनी, प्रयागराज से नगद और ऑनलाइन भुगतान के जरिए मंगाई गई थी, जिसे स्थानीय स्तर पर बेचने की तैयारी थी। पुलिस ने मौके से 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर (कीमत करीब 2 लाख 65 हजार रुपये), छह मोबाइल फोन (करीब 50 हजार रुपये), एक नीले रंग की होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक ष्टत्र 28 क्क 1199 (करीब 65 हजार रुपये) और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन (करीब 1000 रुपये) जब्त की।
थाना जरहागांव में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 32/2026 धारा 21 (ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिन्हा, थाना प्रभारी सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी सहित बड़ी पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि सूखे नशे की जड़ें जिले में जमने नहीं दी जाएंगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशे की तस्करी या बिक्री की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को बताएं, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। जिले को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए ऑपरेशन बाज लगातार जारी रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts