जशपुर (विश्व परिवार)। रांची से रायपुर के लिए जशपुर होते हुए चलने वाली शिवनाथ बस में अचानक आग लगने से हडक़ंप मच गया। यह घटना उस समय हुई जब बस रांची के खडग़ढ़ा बस स्टेण्ड से रवाना होने के बाद नकुम क्षेत्र में रिंग रोड पर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि बस में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग भडक़ उठी और देखते ही देखते पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। बस में आग लगने की भनक लगते ही चालक ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत यात्रियों को इसकी सूचना दी और बस को सडक़ किनारे रोक दिया। इसके बाद सभी यात्रियों को जल्द से जल्द बस से नीचे उतार दिया गया। चालक की सूझबूझ और समय रहते किए गए प्रयासों के कारण बस में सवार सभी यात्रियों की जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में बस पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। आग के कारण बस में रखा यात्रियों का सामान भी जलकर राख हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें और धुएं का गुबार काफी दूर से दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस व दमकल विभाग को इसकी जानकारी दी गई। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।





