कोरबा (विश्व परिवार)। ऊर्जाधानी कोरबा में भारी वाहनों की अव्यवस्था के खिलाफ अब स्थानीय लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आने लगा है। शहर के सीएसईबी चैकी क्षेत्र अंतर्गत स्टेडियम बाईपास रोड पर ट्रक चालकों की मनमानी और अवैध पार्किंग से परेशान रहवासी बुधवार को सडक़ पर उतर आए। लोगों ने सडक़ पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया और यातायात पुलिस से ट्रक चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
दरअसल, ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र की यह सडक़ भारी वाहनों के आवागमन के लिए विकसित की गई थी, ताकि शहर के मुख्य हिस्सों में ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके। लेकिन पिछले कुछ महीनों से यहां हालात उलट हो गए हैं। ट्रक चालक इस सडक़ को ही अस्थायी पार्किंग बना चुके हैं और रात के समय सैकड़ों ट्रकों को सडक़ के दोनों किनारों पर खड़ा कर देते हैं। इससे न केवल आवागमन बाधित होता है, बल्कि आसपास रहने वाले लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि कई बार ट्रक चालक घरों के दरवाजों के ठीक सामने वाहन खड़े कर देते हैं। ऐसी स्थिति में घर के लोग बाहर तक नहीं निकल पाते और कई बार तो अपने ही घरों में कैद होकर रह जाते हैं। लोगों ने बताया कि ट्रक चालकों को कई बार समझाने की कोशिश की गई, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती है।
भारी वाहनों के कारण सडक़ पर लगातार धूल और राखड़ उड़ती रहती है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। रहवासियों का कहना है कि इस समस्या का असर बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर भी पड़ रहा है। कई लोग खांसी और सांस से जुड़ी बीमारियों से परेशान हैं।
बताया जा रहा है कि सीएसईबी चैक से लेकर स्टेडियम तिराहा तक करीब एक किलोमीटर लंबी सडक़ पर रात के समय ट्रकों की लंबी कतार लग जाती है। इससे सडक़ पर जाम जैसी स्थिति बन जाती है। ऐसे में यदि किसी आपात स्थिति में एम्बुलेंस या अन्य जरूरी वाहन को गुजरना हो तो काफी मुश्किलें पैदा हो जाती हैं।
सडक़ पर बैठकर जताया विरोध
लगातार बढ़ रही परेशानी से नाराज होकर स्थानीय लोग बुधवार को सडक़ पर उतर आए और सडक़ पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि जल्द ही ट्रक चालकों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
स्थिति को बिगड़ता देख सीएसईबी चैकी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने ट्रक चालकों को सडक़ से वाहन हटाने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि यदि ट्रक नहीं हटाए गए तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रित है।
स्थानीय रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में ट्रकों के लिए अलग से पार्किंग व्यवस्था बनाई जाए और सडक़ किनारे ट्रक खड़े करने पर सख्ती से रोक लगाई जाए। साथ ही इस इलाके में यातायात पुलिस की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए।





