नारायणपुर (विश्व परिवार)। जिले में नारायणपुर-ओरछा मुख्य मार्ग पर ग्राम झारा घाटी के पास हुए एक दर्दनाक सडक़ हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हो गए। बताया जाता है कि एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सडक़ से पलट गई जिसमें 30 से ज्यादा लोग सवार थे। दुर्घटना में 2 महिलाओं और 1 पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 25 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही 108 संजीवनी एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल नारायणपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जाता है कि पिकअप वाहन का इस्तेमाल सवारी ढोने के लिए किया जा रहा था, जबकि इस तरह के वाहनों में यात्रियों को ले जाने पर पाबंदी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।





