कवर्धाछत्तीसगढ़

ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ‘किंगडम बुक’ पैनल संचालक गिरफ्तार

कवर्धा (विश्व परिवार)। कवर्धा में अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। ‘महादेव’ जैसे ऐप्स पर निगरानी बढऩे के बाद उभरकर आए नए प्लेटफॉर्म किंगडम बुक से जुड़े पैनल ऑपरेटर सत्यवीर सिंह खुराना उर्फ राजा सरदार को गिरफ्तार किया गया है।
जांच में खुलासा हुआ है कि इस पूरे नेटवर्क का संचालन रायपुर निवासी अनीश खान के निर्देश पर किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार अनीश खान सुपर आईडी उपलब्ध कराता था, जिनके जरिए नीचे के ऑपरेटर सट्टा खिलाते थे। इस मामले में रोहित जांगड़े की संलिप्तता भी सामने आई है। अनीश खान और उसका सहयोगी स्वयम खुराना फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने करीब 70 से 80 ऑनलाइन आईडी बांट रखी थीं। इन आईडी के जरिए बड़े पैमाने पर सट्टेबाजी कराई जा रही थी, जिसमें करोड़ों रुपये के लेन-देन का अनुमान है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2-3 मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और ऑनलाइन सट्टे से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए हैं। जब्त डेटा की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी राजा सरदार पहले गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। अब ऑनलाइन सट्टा संचालन में उसकी भूमिका सामने आने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की तैयारी है।
एसपी धर्मेंद्र सिंह छवई के मुताबिक, ऑनलाइन सट्टा गेमिंग एक्ट की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। एएसपी और डीएसपी स्तर के अधिकारियों की अगुवाई में साइबर टीम आईडी नेटवर्क और लेन-देन की परतें खोलने में जुटी है। पूछताछ पूरी होने के बाद पूरे गिरोह और उससे जुड़े अन्य नामों का खुलासा किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद शहर और आसपास सक्रिय ऑनलाइन सट्टा गिरोहों में हडक़ंप मचा हुआ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts