रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी रायपुर में रंगोत्सव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने ‘फुलप्रूफ’ प्लान तैयार किया है। होली पर हुड़दंग करने वालों पर आसमान से लेकर सड़क तक कड़ी नजर रखी जाएगी।
शहर के संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरे तैनात किए गए हैं, जो पल-पल की जानकारी कंट्रोल रूम को भेजेंगे। रायपुर कमिश्नरेट ने शहर को तीन हिस्सों में बांटा है। किसी भी विवाद या सूचना मिलने पर 5 मिनट के भीतर पुलिस बल मौके पर पहुंचेगा और नियम अनुसार कार्रवाई करेगा।
त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निगरानी के लिए 3000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। ये पुलिसकर्मी सोमवार शाम से बुधवार शाम तक लगातार ड्यूटी करेंगे। इसके अलावा पुलिस की ड्रिंक एंड ड्राइव और ट्रिपल बाइक-स्कूटी सवारों पर भी नजर रहेगी।
ड्रिंक एंड ड्राइव और ट्रिपल सवारी पर फोकस
ट्रैफिक पुलिस ने शहर में 60 से ज्यादा चेकिंग प्वाइंट बनाए हैं। यातायात विभाग के 500 जवान मुख्य चौक-चौराहों पर तैनात रहेंगे।
मुख्य ध्यान शराब पीकर वाहन चलाने वालों, तेज रफ्तार बाइक चलाने वालों और तीन सवारी घूमने वालों पर रहेगा। पकड़े जाने पर वाहन सीधे थाने में जब्त किया जाएगा और चालक को पैदल घर जाना होगा।
सिविल ड्रेस में तैनात रहेगी क्राइम ब्रांच टीम
नशे के अवैध कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए क्राइम ब्रांच की 150 सदस्यीय विशेष टीम सिविल ड्रेस में तैनात रहेगी।
यह टीम शराब और अन्य नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री पर नजर रखेगी। अधिकारियों ने त्योहार की आड़ में अशांति फैलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कमिश्नर बोले- DCP रैंक के अधिकारियों 3 सेक्टरों में बांटा
दैनिक भास्कर से चर्चा के दौरान रायपुर कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने बताया कि डीसीपी रैंक के अधिकारियों की निगरानी में शहर को तीन सेक्टरों में बांटा गया है। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी और रिकॉर्डिंग भी की जाएगी, ताकि इसे साक्ष्य के रूप में इस्तेमाल किया जा सके।
रंगोत्सव के दौरान पुलिस का रिस्पांस टाइम पांच मिनट रखने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने शहरवासियों से शांतिपूर्वक त्योहार मनाने की अपील की है।





