रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ की राजनीति अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तक पहुंच गई है, जहां भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज होती नजर आ रही है। इसका ताजा उदाहरण भाजपा द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किया गया एक रैप वीडियो है, जिसमें कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
भाजपा के आधिकारिक हैंडल से पोस्ट किए गए इस वीडियो में कांग्रेस शासनकाल के दौरान कथित घोटालों का जिक्र किया गया है। वीडियो में भूपेश बघेल को लबरा यानी झूठा बताते हुए उन पर निशाना साधा गया है।
करीब 1 मिनट 21 सेकंड के इस रैप वीडियो में भूपेश बघेल के साथ उनके पुत्र चैतन्य बघेल, पूर्व उप सचिव सौम्या चौरसिया और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का भी उल्लेख किया गया है। वीडियो में शराब घोटाला, कोयला लेवी घोटाला, चावल घोटाला सहित विभिन्न मामलों को लेकर आरोप लगाए गए हैं।
इस वीडियो के सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इस वायरल पोस्ट पर कांग्रेस की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है और इसका राजनीतिक असर कितना व्यापक होता है।





