छत्तीसगढ़रायपुर

प्रो. (डॉ.) अभिरुचि गल्होत्रा, डीन (रिसर्च), एम्स रायपुर को एम्स जम्मू की संस्थान निकाय (Institute Body) के सदस्य के रूप में नामित किया गया

रायपुर (विश्व परिवार)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर को यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा पृथक राजपत्र अधिसूचनाओं के माध्यम से प्रो. (डॉ.) अभिरुचि गल्होत्रा, विभाग– सामुदायिक एवं पारिवारिक चिकित्सा तथा डीन (रिसर्च), एम्स रायपुर को एम्स जम्मू की संस्थान निकाय (Institute Body) का सदस्य नामित किया गया है।
संस्थान निकाय एक वैधानिक निकाय है, जो संस्थान के समग्र विनियमन, प्रबंधन एवं रणनीतिक दिशा के लिए उत्तरदायी होता है। यह चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान, रोगी देखभाल तथा नीतियों के निर्माण पर ध्यान केंद्रित करता है और शैक्षणिक मानकों, वित्तीय मामलों एवं चयन जैसे विशिष्ट कार्यों के लिए गवर्निंग बॉडी (GB) एवं वित्त समिति जैसी विशेषज्ञ समितियों के साथ मिलकर कार्य करता है।
डॉ. गल्होत्रा का इस प्रतिष्ठित निकाय में नामांकन उनके शैक्षणिक नेतृत्व, प्रशासनिक दक्षता तथा चिकित्सा शिक्षा एवं
संस्थागत विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान की मान्यता है।
लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त), कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ, एम्स रायपुर ने डॉ. अभिरुचि गल्होत्रा को
इस विशिष्ट दायित्व के लिए बधाई दी है तथा नई जिम्मेदारियों के लिए उन्हें शुभकामनाएँ दी हैं। यह अत्यंत गर्व का विषय है, क्योंकि यह उपलब्धि एम्स रायपुर के संकाय सदस्यों की बढ़ती राष्ट्रीय पहचान एवं उनकी विशेषज्ञता को दर्शाती है।
एम्स रायपुर को विश्वास है कि उनका अनुभव एवं दृष्टिकोण एम्स जम्मू की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक प्रगति में सार्थक योगदान देगा।
यह भी उल्लेखनीय है कि एम्स रायपुर के दो अन्य संकाय सदस्य—प्रो. (डॉ.) एली मोहापात्रा, विभागाध्यक्ष (बायोकैमिस्ट्री) एवं डीन (अकादमिक्स) तथा प्रो. (डॉ.) निगहत हुसैन, विभाग– पैथोलॉजी एवं एसोसिएट डीन—को क्रमशः एम्स गुवाहाटी एवं एम्स पटना की संस्थान निकाय के सदस्य के रूप में पहले ही नामित किया जा चुका है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts