रायपुर (विश्व परिवार)। आज गंदा पानी मिलने की शिकायत पर नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त विश्वदीप ने नगर निगम जोन 9 अंतर्गत लभांडी में संकल्प सोसायटी फेस-2 का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।
आयुक्त ने रहवासियों को पेयजल टैंकरों से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने, वाटर एटीएम मशीन की मरम्मत करवाकर पुनः प्रारंभ करवाने, गंदे पानी के सुगम निकास हेतु नाला शीघ्र बनाने का प्रस्ताव देने के निर्देश नगर निगम जोन 9 अधिकारियों को दिए।
नगर निगम जोन 9 जल विभाग ने जोरा पानी टंकी की सफाई करवाई और पेयजल टैंकरों से स्वच्छ पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित की। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा मेडिकल मोबाइल यूनिट से वहां शिविर लगाकर रहवासियों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श व दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं।
आयुक्त विश्वदीप द्वारा किए गए निरीक्षण में नगर निगम जोन 9 जोन कमिश्नर राकेश शर्मा, कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव, उपअभियंता आशुतोष पाण्डेय, रविप्रभात साहू, अंकिता जनार्दन उपस्थित रहे।





