नई दिल्ली/तेहरान (विश्व परिवार)। दुनिया भर में कच्चे तेल की कीमतों को लेकर मचे हाहाकार के बीच ईरान ने भारत को खास राहत दी है। ईरान ने भारत के झंडे वाले तेल टैंकरों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की इजाजत दे दी है। जानकारी के मुताबिक ईरान ने भारत को यह सहूलियत विदेश मंत्री एस जयशंकर की दखलंदाजी के बाद दी है। जानकारी के मुताबिक हाल ही में भारत के विदेश मंत्री जयशंकर और ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची के बीच बातचीत के बाद ईरान ने यह फैसला लिया है।
ईरान की तरफ से मिली इस राहत के बाद कथित तौर पर 2 भारतीय तेल टैंकरों पुष्पक और परिमल सुरक्षित रूप से होर्मुज से गुजरे हैं। इससे पहले एक अन्य तेल टैंकर जिसका कैप्टन भारतीय बताया जा रहा है, वह भी होर्मुज से पार हो गया है। यह जहाज युद्ध शुरू होने के बाद से इस मार्ग को पार कर भारत आने वाला पहला जहाज है। रिपोर्ट्स के मुताबिक सऊदी अरब का कच्चा तेल ले जा रहा यह लाइबेरिया के झंडे वाला टैंकर दो दिन पहले होर्मुज स्ट्रेट से गुजरा और फिलहाल मुंबई पोर्ट पर रुका है।





