अंबिकापुर (विश्व परिवार)। शहर के मध्य स्थित देव होटल के आसपास शुक्रवार शाम कथित गोली चलने की खबर से हडक़ंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने दो राउंड फायरिंग जैसी आवाज सुनने की बात कही, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली और गांधीनगर थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पड़ताल शुरू की।
हालांकि अधिकारियों ने अब तक गोली चलने की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच में फिलहाल किसी भी तरह की फायरिंग के प्रमाण नहीं मिले हैं। गनीमत रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। अमोलक सिंह ढिल्लो, एएसपी सरगुजा ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते हनी सिंह नामक युवक का कुछ लोगों ने बनारस रोड पर पीछा किया और वाहन रोकने की कोशिश की थी। युवक बाद में अपने होटल पहुंच गया। इसी दौरान इलाके में फायरिंग की चर्चा फैल गई, लेकिन संबंधित व्यक्ति ने किसी घटना से इनकार किया है।
एएसपी के मुताबिक, यह मामला अफवाह प्रतीत होता है और क्षेत्र में हालात पूरी तरह सामान्य हैं। पुलिस ने कार से पीछा किए जाने की शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है और पूरे मामले की जांच जारी है।





