बिलासपुर (विश्व परिवार)। राजकिशोर नगर में सराफा व्यापारी से लूट के 3 दिन बाद सीपत खमरिया के सराफा व्यापारी से 10 किलो चांदी, 100 ग्राम सोने के जेवर से भरा थैला लेकर बाइक सवार तीन नकाबपोश युवक भाग गए। पुलिस जिले में नाकाबंदी कर बाइक सवार युवकों की तलाश कर रही है। सीपत पुलिस के अनुसार, जांजगीर जिला बलौदा निवासी विनय सोनी की सीपत खमरिया में ज्वेलरी शाप है। प्रतिदिन वे रात में दुकान बंद कर कीमती सोने चांदी के जेवर अपने घर ले जाते हैं। शुक्रवार की शाम 7 बजे वे दुकान में रखे 10 किलो चांदी के आभूषण व 100 ग्राम सोने के आभूषण थैले में रखकर दुकान से बाहर निकले। वे थैला शटर के पास रखकर दुकान बंद करने शटर गिरा रहे थे। इसी दौरान बाइक से तीन नकाबपोश युवक उनकी दुकान के सामने पहुंचे। एक युवक बाइक से उतरकर दौड़ते हुए उनके पास पहुंचा और आभूषण से भरा थैला उठाकर बाइक में बैठकर अपने साथियों के साथ भाग गया। श्री रमेश ज्वेलर्स सोनी के शोर मचाने पर लोगों की भीड़ लग गई। आभूषण चोरी होने की सूचना सीपत पुलिस को दी गई। उठाईगीरी की वारदात से पुलिस महकमा में हडक़ंप मच गया। एडीशनल एसपी पंकज कुमार पटेल सीपत पुलिस व शहर के थानेदार बल के साथ खमरिया पहुंच गए। सराफा व्यापारी से चोरी की जानकारी लेने के बाद जिले में नाकाबंदी कर बाइक सवार युवकों की तलाश की जा रही है। देर रात तक पुलिस बाइक सवार युवकों की नहीं पकड़ पाई थी।
बिटकुला के जंगल की ओर भागे
वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार तीनों युवक बिटकुला के जंगल की ओर भागकर गए हैं। बताया जाता है उक्त जंगल का रास्ता बलौदाबाजार व कोरबा की ओर जाता है। दोनों जिलों के पुलिस को भी सूचना देकर अलर्ट किया गया है।
दर्ज की जा रही है रिपोर्ट
सराफा व्यापारी आभूषण से भरा थैला साइड में रखकर शटर बंद कर रहे थे। इसी दौरान नकाबपोश बाइक सवार तीन लोग आए। एक युवक थैला उठाकर साथियों के साथ बैठकर भाग गया है। सीपत थाने में रिपोर्ट लिखी जा रही है। आरोपियों को पकडऩे का प्रयास किया जा रहा है।
– पंकज कुमार पटेल एडीशनल एसपी, बिलासपुर





