रायपुर (विश्व परिवार) महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज (मैक) के कंप्यूटर एप्लीकेशन विभाग द्वारा दिनांक 30 मार्च 2026 को “इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT)” विषय पर एक विशेष अतिथि व्याख्यान का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विशेष रूप से बी.सी.ए. विभाग के द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया था।
इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. सोनू अग्रवाल (सह-प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष) कंप्यूटर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल विश्वविद्यालय, भिलाई उपस्थित रहे।
उन्होंने अपने व्याख्यान में “इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT)” को सरल शब्दों में समझाते हुए बताया कि यह एक ऐसी आधुनिक तकनीक है, जिसमें रोजमर्रा के उपयोग में आने वाली वस्तुएं जैसे मोबाइल, स्मार्ट टीवी, घड़ी, वाहन और घरेलू उपकरण इंटरनेट से जुड़े होते हैं और आपस में जानकारी साझा करते हैं। इस तकनीक के माध्यम से कार्यों को अधिक आसान, तेज और सुरक्षित बनाया जा सकता है। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से स्मार्ट होम, स्मार्ट सिटी, स्वास्थ्य सेवा एवं औद्योगिक क्षेत्रों में (IoT) के बढ़ते उपयोग को भी समझाया तथा विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में करियर की संभावनाओं के बारे में मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के चेयरमैन डॉ. रमेश अग्रवाल तथा पूर्व चेयरमैन राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं सहयोग का विशेष उल्लेख किया गया, जिनके नेतृत्व में महाविद्यालय निरंतर प्रगति कर रहा है। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. जैस्मिन जोशी, उप-प्राचार्य डॉ. श्वेता तिवारी, विभागाध्यक्ष वर्तिका श्रीवास्तव एवं विभाग के समस्त प्राध्यापकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
अतिथि व्याख्यान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नई तकनीकों से अवगत कराना, उनके ज्ञान को बढ़ाना तथा उन्हें भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करना था। अंत में आयोजकों द्वारा अतिथि का आभार व्यक्त किया गया एवं विद्यार्थियों को ऐसे कार्यक्रमों से अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।





