खेल

टी-20 विश्व कप 2026: भारतीय टीम को झटका, जसप्रीत बुमराह पहले मुकाबले से बाहर

नईदिल्ली (विश्व परिवार)। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह वायरल बुखार के कारण टी-20 विश्व कप 2026 के शुरुआती मुकाबले से बाहर हो सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह 7 फरवरी को यूएसए क्रिकेट टीम के खिलाफ होने वाले मैच में नहीं खेल पाएंगे। रिपोर्ट के अनुसार, बुमराह शुक्रवार को वानखेड़े स्टेडियम में टीम के अभ्यास सत्र में तो पहुंचे, लेकिन अभ्यास में हिस्सा नहीं लिया। टीम प्रबंधन उनकी फिटनेस पर नजर बनाए हुए है।
बुमराह की संभावित गैरमौजूदगी से भारत के पास खिताब बचाने के लिए फिलहाल सिर्फ 13 पूरी तरह फिट खिलाड़ी रह गए हैं। ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर अभी तक टीम से नहीं जुड़े हैं और बेंगलुरु स्थित भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस क्लीयरेंस का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वॉर्म-अप मैच में घुटने में चोट लगने के बाद हर्षित राणा टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं।
बुमराह अब तक 2016, 2021 और 2024 के टी-20 विश्व कप में खेल चुके हैं। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 18 मैचों में 26 विकेट चटकाए हैं। उनकी औसत 14.30 की रही है। कम से कम 25 विकेट लेने वाले गेंदबाजों में उनकी इकॉनमी 5.44 सबसे बेहतरीन है। 2024 में भारत को खिताब जिताने में भी बुमराह ने अहम भूमिका निभाई थी, जहां उन्होंने सिर्फ 8.27 की औसत से 15 विकेट झटके थे। उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था।
प्रमुख तेज गेंदबाज हर्षित जोड़ों के दर्द के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में वह चोटिल हो गए थे। उनकी जगह मोहम्मद सिराज को टीम में मौका मिला है। सिराज ने अपना आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला जुलाई 2024 में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। यह खिलाड़ी टी-20 विश्व कप 2024 का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा था।
टी-20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, और वॉशिंगटन सुंदर। तिलक भी टूर्नामेंट से पहले चोटिल हुए थे। हालांकि, उन्होंने टीम में वापसी कर ली है। सुंदर भी अभी चोटिल हैं। उनको लेकर कोई भी खबर अब तक सामने नहीं आई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts