अहमदाबाद खेल

टी-20 विश्व कप 2026: संजू सैमसन बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, ये रिकॉर्ड्स बनाए

अहमदाबाद (विश्व परिवार)। टी-20 विश्व कप 2026 में संजू सैमसन का बल्ला जमकर बोला और उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने कई अहम पारियां खेलीं और मुश्किल मौकों पर भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया। इस दौरान सैमसन ने कई बड़े रिकॉर्ड भी बनाए। आइए उनके प्रदर्शन और रिकॉर्ड्स पर एक नजर डाल लेते हैं।
सैमसन को शुरुआती मुकाबलों में भारत की प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला। हालांकि, जब उन्हें चुना गया तो उन्होंने अपने प्रदर्शन से सबका दिल जीत लिया। इस खिलाड़ी ने 5 मैच की 5 पारियों में 80.25 की उम्दा औसत और 199.37 की स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 97* रन रहा। उनसे ज्यादा रन सिर्फ टिम साइफर्ट (326) और साहिबजादा फरहान (383) के बल्ले से निकले।
फाइनल में सैमसन ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का छठा और कीवी टीम के खिलाफ अपना पहला अर्धशतक 33 गेंदों में पूरा किया। वह 46 गेंदों में 5 चौके और 8 छक्कों की मदद से 89 रन बनाकर आउट हुए। सैमसन टी-20 विश्व कप के फाइनल में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज भी बन गए। उन्होंने मार्लन सैमुअल्स का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2016 के टी-20 विश्व कप में 85* रन बनाए थे।
सैमसन टी-20 विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस प्रारूप के पूर्व दिग्गज विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा है। कोहली ने 2014 के टी-20 विश्व कप में 319 रन बनाए थे। तीसरे स्थान पर ईशान किशन आ गए हैं। इस विश्व कप में उन्होंने 9 पारियों में 317 रन बनाए। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 77 रन रहा।
सैमसन ने साल 2015 में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना टी-20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। वह अब तक 62 मैचों की 54 पारियों में 28.55 की औसत और 156.83 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,399 रन बनाने में सफल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 3 शतक और 6 अर्धशतक भी जड़े हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 111 रन का रहा है। वह एक कैलेंडर वर्ष में 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक जडऩे का कारनामा कर चुके हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts