दुर्ग

15वें वित्त आयोग से नगर निगम को 10 करोड़ की सौगात, सड़क, पेयजल व स्वच्छता कार्यों को मिलेगी रफ्तार:-महापौर अलका बाघमार

  • नॉन मिलियन प्लस सिटी के तहत 10 करोड़ स्वीकृत, शहर में विकास कार्यों के लिए भेजे जाएंगे प्रस्ताव:-महापौर
  • ठेकेदारों की लापरवाही पर सख्ती, नोटिस जारी करने के निर्देश
  • “मोर जमीन मोर वार्ड” योजना के तहत नए बोर्ड लगाने की तैयारी

दुर्ग (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम के डाटा सेंटर स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में आज महापौर अलका बाघमार एवं आयुक्त सुमित अग्रवाल द्वारा शहर में संचालित विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक कर्म प्रभारी देवनारायण चंद्रकार, एमआईसी सदस्य लीना दिनेश देवांगन, शेखर चंद्रकार,नीलेश अग्रवाल, ज्ञानेश्वर ताम्रकार, कार्यपालन अभियंता विनीता वर्मा एवं भवन अधिकारी प्रकाश चंद थवानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
15वें वित्त आयोग अंतर्गत नॉन मिलियन प्लस सिटी के तहत शासन द्वारा नगर निगम को कुल 10 करोड़ रुपये की राशि आबंटित की गई है।
उक्त राशि से शहर के विभिन्न आधारभूत विकास कार्यों को गति प्रदान करने हेतु योजनाबद्ध तरीके से प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुल राशि में से 4.00 करोड़ रुपये सड़क निर्माण, नाली निर्माण, विद्युतीकरण सहित अन्य आवश्यक अधोसंरचनात्मक कार्यों के लिए प्रस्तावित किए जाएंगे। वहीं 3.00 करोड़ रुपये की राशि पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु टंकी निर्माण एवं पाइपलाइन विस्तार जैसे कार्यों के लिए प्रेषित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त 3.00 करोड़ रुपये ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत स्वच्छता संबंधी कार्यों के लिए प्रस्तावित किए जाएंगे, जिससे शहर में साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
उपरोक्त सभी प्रस्ताव शासन को प्रेषित किए जाएंगे तथा स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत संबंधित कार्यों का क्रियान्वयन प्रारंभ किया जाएगा। नगर निगम द्वारा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता एवं समय-सीमा के अनुरूप पूर्ण हों, जिससे नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक के दौरान लोक कर्म, स्वास्थ्य, जलकार्य एवं विद्युत विभाग के कार्यों की गहन समीक्षा की गई। शहर के चार प्रमुख तालाबों के सौंदर्यीकरण, पाइपलाइन विस्तार, सड़क निर्माण, नाली एवं नालों के विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। महापौर ने अधिकारियों से पिछले एक वर्ष में हुए डामरीकरण एवं सीमेंटीकरण सड़कों सहित अन्य निर्माण कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
महापौर अलका बाघमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि जिन स्थानों पर निर्माण कार्य अब तक प्रारंभ नहीं हुए हैं, उन्हें तत्काल शुरू किया जाए।
साथ ही निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं करने वाले ठेकेदारों को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने एवं जरूरत पड़ने पर कार्य से पृथक करने के निर्देश दिए गए।
शहर के उन क्षेत्रों में पाइपलाइन विस्तार पर विशेष जोर दिया गया, जहां अब तक यह सुविधा उपलब्ध नहीं है।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नालियों को व्यवस्थित रूप से नालों से जोड़ने की ठोस कार्ययोजना तैयार कर उसे लागू किया जाए, जिससे जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके।
इसके अलावा गवली पारा से चंडी मंदिर तथा शीतला मंदिर से कंकालिन मंदिर तक विद्युत पोल स्थापना के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। बैठक में “मोर जमीन मोर वार्ड” योजना के अंतर्गत सभी 60 वार्डों में एसीपी बोर्ड एवं स्टेनलेस स्टील ग्लो साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए।
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण में लगे 582 स्वच्छता मित्रों को सुरक्षा उपकरण एवं वर्दी उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए शासन स्तर से लगातार राशि स्वीकृत कराई जा रही है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की वित्तीय कमी नहीं आने दी जाएगी।जन संपर्क/राजू बक्शी

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts