कोरबा छत्तीसगढ़

एकतरफा प्यार में लडक़ी के पिता पर गोली चलाने वाला आरोपी गिरफ्तार, एक जिंदा कारतूस व मोटरसाइकिल जब्त

कोरबा (विश्व परिवार)। बालको नगर क्षेत्र में एकतरफा प्यार के मामले में युवती के पिता पर गोली चलाने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक नग पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी साहिल मसीह, पिता शांतिएल मसीह, उम्र 20 वर्ष, निवासी इंदिरा नगर बालको, थाना बालको नगर, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़) है। प्रार्थी ने थाना बालको में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि साहिल मसीह उसकी बेटी से एकतरफा प्यार करता था और पिछले छह माह से उसका पीछा कर छेडख़ानी कर रहा था। दिनांक 18 फरवरी 2026 की रात लगभग 11 बजे आरोपी मोटरसाइकिल से प्रार्थी के घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए हंगामा करने लगा। जब प्रार्थी दरवाजा खोलकर बाहर निकला, तब आरोपी ने हत्या की नीयत से अपने पास रखी पिस्टल से फायर कर दिया। गोली की आवाज सुनते ही प्रार्थी जमीन पर बैठ गया, जिससे वह बाल-बाल बच गया। आरोपी ने दोबारा फायर करने की कोशिश की, लेकिन दूसरी बार गोली नहीं चली। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 94/2026 के तहत धारा 296, 75(1), 78(1), 109(1) बीएनएस एवं 25, 27 आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम गठित कर आरोपी की तलाश की गई और उसके घर की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक पिस्टल जिसमें राउंड भरा हुआ था जब्त किया गया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी को अवैध पिस्टल कहां से और कैसे प्राप्त हुई।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts