- ‘कांग्रेस का प्रलाप केवल हताशा और राजनीतिक दीवालिएपन का प्रतीक, विकास विरोधी चरित्र एक बार फिर हुआ उजागर’
रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के वन व सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा मंगलवार को प्रस्तुत बजट पर कांग्रेस की नकारात्मक प्रतिक्रिया को राजनीतिक दीवालियापन बताया है। श्री कश्यप ने कहा कि जिस कांग्रेस ने पाँच साल तक छत्तीसगढ़ को केवल लूट और भ्रष्टाचार का केंद्र बनाए रखा, उन्हें आज विकास का यह बजट समझ नहीं आ रहा है। दरअसल, प्रदेश की भाजपा सरकार का बजट समाज के सभी वर्गों की भलाई के लिए है, जबकि पिछली कांग्रेस सरकार के बजट एक ही परिवार के लिए रहे हैं।
प्रदेश के वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ के सर्वतोमुखी कल्याण की दृष्टि से कारगर बजट प्रावधान करके विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ने का ‘संकल्प’ व्यक्त किया गया है, लेकिन कांग्रेस के लोग उन योजनाओं, कार्यक्रमों को शुतुरमुर्ग की तरह अपने विरोध की रेत में मुँह छिपाकर अनदेखा करने में लगे हैं। कांग्रेस द्वारा इसका विरोध करना यह सिद्ध करता है कि वे प्रदेश के विकास में केवल बाधा डालना जानते हैं। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को दिवालियेपन के कगार पर लाकर खड़ा कर दिया था। श्री कश्यप ने कटाक्ष किया कि जिस कांग्रेस के शासनकाल में गोबर और कोयले तक में घोटाला हुआ हो, उस कांग्रेस के नेताओं पारदर्शिता और जनकल्याण का यह बजट ‘नकारात्मक’ ही लगेगा। कांग्रेस को दुःख इस बात का है कि इस बजट में ‘कमीशन’ के लिए कोई जगह नहीं छोड़ी गई है।
प्रदेश के वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि आज जब हमारी सरकार प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुधार रही है और हर हाथ को काम व हर खेत को पानी दे रही है, तो कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख अनर्गल विलाप कर रही है। विष्णुदेव साय की सरकार ने ‘मोदी की गारंटी’ के हर संकल्प को इस बजट के माध्यम से जमीन पर उतारने का काम किया है। महतारी वंदन योजना से लेकर किसानों को दिए जा रहे बोनस तक, हर वर्ग का सशक्तीकरण कांग्रेस को रास नहीं आ रहा है। श्री कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस के इस नकारात्मक रवैये को देख रही है और जनता ही कांग्रेस के प्रलाप का करारा जवाब देगी। भाजपा सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ छत्तीसगढ़ को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।





