- विनियोग विधेयक पारित होने के बाद स्थगित हो जाएगा सत्र
रायपुर (विश्व परिवार)। विधानसभा का बजट सत्र समय पूर्व स्थगित होने के आसार हैं। इस समय सत्र के लिए होने वाली औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। एक दिन में तीन-तीन विभागों की अनुदान मांगें पूरी की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार विधानसभा के बजट सत्र में इस समय सत्तारूढ़ दल के विधायक ही सरकार को घेर रहे हैं। इधर सरकार के मंत्री भी विभिन्न विभागों के जवाबों का उत्तर संतोषपूर्वक नहीं दे रहे हैं, जिसका लाभ विपक्ष उठा रहा है। इधर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इसका पूरा राजनीतिक लाभ लेना चाहते हैं, जिसके चलते वे भी सत्तारूढ़ दल के सदस्यों का साथ दे रहे हैं। इस समय अजय चन्द्राकर सबसे ज्यादा मुखर है, वे सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। इसके चलते सरकार स्वयं घिर रही है। बताया जाता है कि अब तकनीकी कौशल एवं आदिम जाति मंत्री खुशवंत सिंह एवं वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री के विभागों के चर्चा होना शेष रह गया है।
मुख्यमंत्री के पास जनसंपर्क, ऊर्जा, खनिज, सामान्य प्रशासन सहित अन्य विभाग आते हैं। जिस पर चर्चा कराया जाना शेष है। इसके पश्चात 16 को विनियोग विधेयक पारित किए जाने की संभावना है। 19 को होली मिलन का कार्यकम रखा गया है, इसका भी समय निर्धारित नहीं है। इसलिए समय पूर्व सत्र अवसान होने की संभावना है। बजट सत्र के अंतिम दिन महालेखाकार एजीएमपी की रिपोर्ट पेश की जाएगी, जिसमें सरकार की कार्यों की समीक्षा की जाएगी। आर्थिक विसंगतियों एवं अन्य अनियमितताओं को भी उजागर किया जाएगा।





