भिलाई (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने आज शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर निर्माणाधीन नाली और उद्यानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं और शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए।
आयुक्त ने जोन-5 के अंतर्गत एमजीएम स्कूल के समीप बन रही नाली का बारीकी से अवलोकन किया। स्थानीय नागरिकों की जल निकासी संबंधी समस्याओं को देखते हुए इस नाली का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने मौके पर उपस्थित अभियंताओं को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए इसे जल्द से जल्द पूरा करें, ताकि गंदे पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सके और क्षेत्रवासियों को राहत मिले।
निरीक्षण के अगले चरण में आयुक्त सड़क 21 स्थित उद्यान पहुंचे, जो विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों की सुविधा के लिए बनाया गया है। उद्यान में लगाए गए नए पेवर ब्लॉक के कार्यों का जायजा लेते हुए उन्होंने पूरे परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने एक अन्य रिक्त मैदान का भी निरीक्षण किया, जहां बच्चों के लिए झूले और पेवर ब्लॉक की सुविधा उपलब्ध है। ग्रास कटिंग कर व्यवस्थित कराने को कहा, ताकि टहलने आने वाले नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा या खतरे का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान अमरनाथ दुबे जोन आयुक्त, प्रिया करसे कार्यपालन अभियंता, श्वेता महेश्वर सहायक अभियंता, शंकर सुमन मरकाम उप अभियंता, स्वस्छता निरीक्षक एवं निगम के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।





