देशनई दिल्ली

पश्चिम एशिया में एक महीने से अधिक समय से चल रहे युद्ध के कारण आज पूरा विश्व गहरी चिंता में है : पीएम मोदी

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय विमान पत्तन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज से ‘विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत अभियान’ में एक नया अध्याय शुरू हो रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत का सबसे बड़ा राज्य अब अंतरराष्ट्रीय विमान पत्तनों की सबसे अधिक संख्या वाले राज्यों में से एक बन गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें दोहरी खुशी है, पहली इस विमान पत्तन की नींव रखने और अब इसका उद्घाटन करने पर, और दूसरी इस भव्य विमान पत्तन का नाम उत्तर प्रदेश से जुड़ने पर।
वहीं वर्तमान वैश्विक स्थिति पर बोलते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया में एक महीने से अधिक समय से चल रहे युद्ध के कारण आज पूरा विश्व गहरी चिंता में है। इस युद्ध के चलते कई देशों में भोजन, पेट्रोल, डीजल, गैस और उर्वरक जैसी आवश्यक वस्तुओं का संकट पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि भारत इस युद्धग्रस्त क्षेत्र से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस आयात करता है।
पीएम मोदी ने आश्वासन दिया, “सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठा रही है कि इस संकट का बोझ आम परिवारों और किसानों पर न पड़े।”
वैश्विक संकट के दौर में भी भारत की तीव्र विकास गति का उल्‍लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अकेले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ही हाल के हफ्तों में यह चौथी बड़ी परियोजना है जिसका या तो उद्घाटन किया गया है या नींव रखी गई है। उन्होंने कहा, “इस दौरान नोएडा में एक बड़ी सेमीकंडक्टर फैक्ट्री की नींव रखी गई, देश की पहली दिल्ली-मेरठ नमो भारत ट्रेन ने रफ्तार पकड़ी, मेरठ मेट्रो का विस्तार हुआ और आज नोएडा अंतरराष्ट्रीय विमान पत्तन का उद्घाटन किया जा रहा है।”
पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के विकास में इन उल्लेखनीय उपलब्धियों का श्रेय वर्तमान सरकार को दिया। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर फैक्ट्री भारत को प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना रही है, मेरठ मेट्रो और नमो भारत रेल तेज और स्मार्ट संपर्क का माध्‍यम बन रही हैं, और जेवर विमान पत्तन पूरे उत्तर भारत को विश्व से जोड़ रहा है।
इससे पहले, इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने अपने संबोधन के दौरान, उपस्थित लोगों से कहा मैं आप सभी को हमारे पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा शानदार और प्रतिष्ठित जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के लिए आप सभी को दिल से बधाई देता हूं। सिर्फ़ जेवर, उत्तर प्रदेश और दिल्ली NCR ही नहीं बल्कि पूरा भारत इस उपलब्धि से उत्साहित है क्योंकि देश की धड़कन राजधानी दिल्ली को आज दूसरी धड़कन मिल गई है।
उन्होंने कहा कि 11,200 करोड़ रुपये की लागत से 3000 एकड़ से ज़्यादा में फैला यह शानदार एयरपोर्ट, जेवर एयरपोर्ट, अपने 4 किमी लंबे रनवे के साथ, इंटरनेशनल हवाई यात्रा के लिए पूरी तरह से सक्षम है। जेवर टर्मिनल की सबसे खास बात यह है कि जब आप यहां आएंगे, तो आपको उत्तर प्रदेश के गौरव और पहचान का अनुभव होगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts