दुर्ग

महापौर ने जवाहर चौक,तमेर पारा वार्ड 30 व 32 में 32 लाख रुपए के डामरीकरण कार्य का किया भूमिपूजन

  • पांच हटरी बाजार व तामेर पारा चौक में बनेगी मजबूत और चौड़ी सड़क
  • नागरिकों को बेहतर आवागमन हमारी पहली प्राथमिकता” महापौर अलका बाघमार

दुर्ग (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए महापौर अलका बाघमार ने सभापति व पार्षद श्याम शर्मा, लोक कर्म प्रभारी देवनारायण चन्द्राकर,नरेंद्र बंजारे,ज्ञानेश्वर ताम्रकर, नीलेश अग्रवाल,शशि साहू, पार्षद जीतू महोबिया,गुलशन साहू,मनीष कोठारी,युवराज कुँजम तथा अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में वार्ड क्रमांक 30 पांच हटरी बाजार सहित जवाहर चौक क्षेत्र में 14 लाख रुपए लागत के डामरीकरण कार्य एवं वार्ड क्रमांक 32 तामेर पारा चौक के पास 18 लाख रुपए लागत के डामरीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन कर कार्य की शुरुआत की।यह निर्माण कार्य लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग पर स्वीकृत किया गया है, जिससे बाजार क्षेत्र एवं आवासीय इलाकों में आवागमन सुगम और सुरक्षित हो सकेगा। भूमिपूजन कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए विकास कार्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
बाजार क्षेत्र में सुगम आवागमन हमारी पहली प्राथमिकता महापौर
इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने कहा कि पांच हटरी बाजार एवं जवाहर चौक जैसे व्यस्त क्षेत्रों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों का आवागमन होता है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण व्यापारियों एवं आमजनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
महापौर ने स्पष्ट किया कि नगर निगम की पहली प्राथमिकता नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। गुणवत्तापूर्ण डामरीकरण कार्य से यातायात सुचारु होगा, दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी तथा बाजार क्षेत्र की व्यवस्थित छवि भी सुदृढ़ होगी। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
सभापति एवं पार्षद श्याम शर्मा ने कहा कि वार्ड 30 और वार्ड 32 में स्वीकृत डामरीकरण कार्य क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने बताया कि निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में चरणबद्ध रूप से अधोसंरचना कार्य कराए जा रहे हैं, ताकि सभी क्षेत्रों में समान रूप से विकास सुनिश्चित हो सके।
लोक कर्म प्रभारी देवनारायण चन्द्राकर ने भी निर्माण कार्य की तकनीकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की बात कही और नागरिकों से सहयोग की अपील की।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts