- बालोद का निवासी था मृतक शोभाराम देहारी
जगदलपुर (विश्व परिवार)। नगर के इंदिरा स्टेडियम के पीछे स्थित सडक़ पर सन्नाटा पसरा रहा और फिर अचानक ब्रेंजा कार में युवक का शव नजर आया। पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बालोद निवासी शोभाराम देहारी के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक की मृत्यु संभवत: देर रात हृदयाघात से हुई प्रतीत हो रही है। हालांकि, वास्तविक कारणों का खुलासा चिकित्सकीय परीक्षण और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। सूत्रों के मुताबिक मृतक मूलत: बालोद का निवासी था और वर्तमान में वृंदावन कॉलोनी में रह रहा था। वह नियानार स्थित छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विस कारपोरेशन के कार्यालय में एसडीओ के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है। मृतक की पहचान शोभाराम देहारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन स्थल पर पहुंच गए, जिससे वातावरण भावुक हो उठा।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि देर रात युवक को किसी से ऊंचे स्वर में मोबाइल पर बातचीत करते सुना गया था। इसके बाद क्या हुआ, इसे लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। बहरहाल बोधघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।





