छत्तीसगढ़रायपुर

प्रदेश में विद्युत उत्पादन क्षमता 30 हजार मेगावाट से अधिक

रायपुर (विश्व परिवार) । ऊर्जा और क्रेडा विभाग के सचिव डॉ रोहित यादव ने दो वर्ष की उपलब्धियों और आगामी तीन वर्ष की कार्य योजना की जानकारी पत्रवार्ता में दी। वर्तमान में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी, एनटीपीसी तथा निजी उत्पादकों को मिला कर 30 हजार 671.7 मेगावाट स्थापित क्षमता है जिसमें 28 हजार 824 मेगावाट ताप विद्युत गृह है। 220 मेगावाट के जल विद्युत गृह है। सोलर, बायो मास आदि 2 हजार 47 मेगावाट क्षमता के बिजलीघर है। ताप बिजली घरों की कुल क्षमता में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनीज के बिजलीघरों की क्षमता 2 हजार 840 मेगावाट है, एनटीपीसी व निजी स्वामित्व के बिजलीघरों की क्षमता 20 हजार 299 मेगावाट है। कैप्टिव पॉवर प्लांट की क्षमता 5 हजार 266 मेगावाट है। डॉ रोहित यादव ने कहा भारत सरकार का फोकस अब ताप बिजली घरों पर निर्भरता कम करने पर है। अंतरराष्ट्रीय मापदण्डों के अनुसार कार्बन उत्सर्जन को कम करने की चुनौती भी है। नेट जीरो कार्बन का लक्ष्य हासिल करने के लिए भारत सरकार द्वारा वर्ष 2030 तक 500 गीगावॉट अक्षय ऊर्जा उत्पादन क्षमता विकसित करने की योजना बनाई गई है। जिसके अनुसार भारत को वर्ष 2030 तक अपनी 50 प्रतिशत ऊर्जा आवश्यकता की पूर्ति नवीकरणीय ऊर्जा से करना है। ताप विद्युत पर निर्भरता समाप्त करने के लिए जल विद्युत परियोजनाओं को गति देना आवश्यक है जो तेजी से बढ़ती मांग और ऊर्जा की मांग एवं आपूर्ति को देखते हुए ग्रिड संतुलन बनाये रखने में मदद करे। डॉ रोहित यादव ने कहा बड़े बांधों के निर्माण की जटिलता का समाधान करते हुए जल विद्युत निर्माण में तेजी लाने के उद्देश्य से पम्प स्टोरेज आधारित जल विद्युत परियोजना (परिपक्व तकनीक) को स्थापित करने हेतु राज्य शासन द्वारा प्रदेश में पम्प स्टोरेज आधारित जल विद्युत परियोजनाओं की स्थापना नीति, 2023 प्रभावशील की गई। उन्होंने कहा इस नीति के लागू होने के उपरांत राज्य की नोडल एजेंसी छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी द्वारा 8 हजार 300 मेगावाट क्षमता के 06 स्थलों का चिन्हांकन कर 05 स्थलों का साध्यता प्रतिवेदन फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार की जा चुकी है। डी पी आर बनाने का कार्य प्रगति पर है। साथ ही निजी क्षेत्र में भी लगभग 5 हजार मेगावाट क्षमता के स्व-चिन्हांकित परियोजना स्थलों पर कार्य किया जा रहा है। राज्य में लगभग 2 हजार मेगावाट क्षमता की नवीकरणीय विद्युत परियोजनाओं के विकास हेतु एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड एवं राज्य की उत्पादन कंपनी के मध्य संयुक्त उपक्रम कंपनी का गठन किया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts