- शहीद दिवस पर माय भारत का भव्य आयोजन, युवाओं ने दिया देशभक्ति का संदेश
रायपुर (विश्व परिवार)। शहीद दिवस के अवसर पर माय भारत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा राजधानी रायपुर में भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया। “माय भारत, मेरी जिम्मेदारी” थीम के अंतर्गत आयोजित यह पदयात्रा शहीदी दिवस पर तेलीबांधा तालाब मरीन ड्राइव से प्रारंभ होकर गौरव पथ स्थित मुख्यमंत्री निवास के सामने शहीद भगत सिंह चौक तक निकाली गई, जहां बलिदानी शहीदों को पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
पदयात्रा में बड़ी संख्या में माय भारत के युवा साथी, स्वयंसेवक, सिख समाज के प्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हुए। तिरंगा ध्वज हाथों में लिए युवाओं ने देशभक्ति नारों के साथ पूरे मार्ग में जोश और उत्साह का वातावरण बनाया।
माय भारत, छत्तीसगढ़ के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी ने बताया कि इस पदयात्रा का उद्देश्य महान क्रांतिकारियों और बलिदानियों को नमन करना तथा युवाओं में राष्ट्रभक्ति और जिम्मेदारी की भावना को जागृत करना है। उन्होंने कहा कि शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में माय भारत द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें पोर्टल पर क्विज प्रतियोगिता, स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित रील निर्माण, स्वच्छता अभियान और जन-जागरूकता गतिविधियां शामिल हैं।
इस पदयात्रा का नेतृत्व राज्य अल्पसंख्यक आयोग, छत्तीसगढ़ शासन के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने किया। कार्यक्रम में रायपुर के विधायक सुनील सोनी, महापौर मीनल चौबे एवं छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव भी शामिल हुए।
पदयात्रा के समापन पर शहीद भगत सिंह चौक में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जहां उपस्थित सभी जनों ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। यह आयोजन न केवल शहीदों के प्रति श्रद्धा का प्रतीक बना, बल्कि समाज में एकता, अखंडता और देशभक्ति का सशक्त संदेश भी दिया।
दुर्गा कॉलेज की प्राध्यापक सुनीता चंसोरिया ने कहा कि भगत सिंह आज भी युवाओं के लिए सर्वोत्तम प्रेरणा स्रोत हैं और उनके विचारों को अपनाकर युवा विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
इस अवसर पर माय भारत के रोहित के साथ स्वयंसेवक सौमित्र साहा, तनिष्क, उत्कर्ष, मयंक सहित दुर्गा कॉलेज, साइंस कॉलेज, गुरुकुल कॉलेज एवं अन्य संस्थानों के अनेक युवा सक्रिय रूप से शामिल रहे।





