दुर्ग (विश्व परिवार)। दुर्ग जिले के भिलाई से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है, जहां सेक्टर 6 स्थित प्रसिद्ध साईं मंदिर में चोरी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5 बजे जब मंदिर के पंडित आरती के लिए पहुंचे, तो उन्होंने मंदिर के सभी ताले टूटे हुए पाए। घटना की जानकारी तुरंत मंदिर ट्रस्ट को दी गई, जिसके बाद भिलाई कोतवाली पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही भिलाई कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, साथ ही आसपास की बस्तियों में भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मंदिर से क्या-क्या सामान चोरी हुआ है, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है और यह जांच का विषय बना हुआ है। भीड़भाड़ और लगातार आवाजाही वाले सेक्टर 6 जैसे इलाके में स्थित प्रसिद्ध मंदिर में चोरी की घटना ने पुलिस की रात्रि पेट्रोलिंग व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।






