राजिम

राजिम भक्तिन माता भोग भंडारा में पहले दिन हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

राजिम (विश्व परिवार)। राजिम कुंभ मेला 2026 के अवसर पर माघ पूर्णिमा के दिन राजिम भक्तिन माता भोग भंडारा का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालु भक्तों ने श्रद्धा एवं सेवा भाव के साथ प्रसाद ग्रहण किया। यह भोग भंडारा समिति अध्यक्ष लाला साहू द्वारा अपने स्वर्गीय माता-पिता की पुण्य स्मृति में आयोजित किया गया।
साहू समाज राजिम भक्तिन माता समिति द्वारा सर्व समाज के सहयोग से यह भोग भंडारा 1 फरवरी से 15 फरवरी (महाशिवरात्रि) तक निरंतर आयोजित किया जा रहा है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य सामाजिक सद्भावना, सेवा और समरसता की भावना को मजबूत करना है।
राजिम कुंभ मेला सेवा और श्रद्धा का महापर्व है। इसी भावना के अनुरूप संगम तट के समीप सुविधायुक्त पंडाल में प्रतिदिन श्रद्धालुओं को सेवा भाव के साथ स्वादिष्ट एवं शुद्ध भोजन कराया जा रहा है। यह आयोजन क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक रोहित साहू एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के पूर्व उपाध्यक्ष भुनेश्वर साहू के मार्गदर्शन में तथा समिति अध्यक्ष लाला साहू के नेतृत्व में संपन्न हो रहा है। भोग भंडारे के सफल आयोजन में जिला गरियाबंद के कलेक्टर भगवानदास उईके एवं अनुभागीय अधिकारी विशाल महाराणा के विशेष सहयोग के लिए राजिम भक्तिन माता समिति की ओर से आभार व्यक्त किया गया।
माघ पूर्णिमा पर विधिवत शुभारंभ
माघ पूर्णिमा के दिन भोग भंडारे का शुभारंभ छत्तीसगढ़ साहू संघ के पूर्व उपाध्यक्ष भुनेश्वर साहू, समिति संरक्षक मेहत्तरु राम साहू, डॉ. रामकुमार साहू, समिति के कार्यकारी अध्यक्ष ईश्वरी साहू, सेवानिवृत्त पटवारी रविशंकर साहू सहित गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में हुआ। सर्वप्रथम राजिम भक्तिन माता की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पमाला, गुलाल एवं चंदन से स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने स्वयं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts