रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज दूसरा दिन है। सदन की कार्यवाही की शुरुआत निधन उल्लेख से की जाएगी। इस दौरान अविभाजित मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व सदस्य दीनदयाल सिंह पोर्ते को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। श्रद्धांजलि के पश्चात प्रश्नकाल प्रारंभ होगा। इसके बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आय-व्ययक प्रस्तुत किया जाएगा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी विधानसभा में वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे, जिस पर प्रदेशभर की निगाहें टिकी हुई हैं।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी आज पेश करेंगे राज्य का तीसरा बजट
छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र का आज दूसरा दिन बेहद खास होने वाला है, क्योंकि आज बजट पेश होगा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी राज्य का तीसरा बजट पेश करेंगे। इस बार के बजट का आकार 1 लाख 85 हजार करोड़ से 1 लाख 90 हजार करोड़ रुपये के बीच रहने का अनुमान है। पिछले साल 2023-24 में 1 लाख 32 हजार करोड़ रुपये और साल 2024-25 में 1 लाख 65 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया था। इस बार के बजट में जल संसाधन विभाग पर विशेष फोकस हो सकता है। इसके अलावा बस्तर क्षेत्र के विकास के लिए भी बजट में प्रावधान किया जा सकता है। इसके अलावा शिक्षा, ग्रामीण और कृषि विकास के क्षेत्रों में भी इस बजट के माध्यम से जनता को नई सौगात मिलने की उम्मीद है।





