बिलासपुर (विश्व परिवार)। बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित खमतराई के अमहा तालाब में रविवार शाम एक दुखद हादसे में दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। दोनों युवक अपने दोस्तों के साथ तालाब घूमने गए थे, जहां यह हादसा हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बंधवापारा निवासी हिमांशु चंहादे (21) और देवरी खुर्द निवासी शिवम मानिकपुरी (21) अपने पांच अन्य दोस्तों के साथ तालाब के पास पहुंचे थे। वहां सभी ने शराब का सेवन किया।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक युवक बाइक सहित तालाब में गिर गया था, हालांकि वह सुरक्षित बाहर निकल आया। इसके बाद युवक दोबारा शराब पीकर तालाब में नहाने उतर गए।
नहाते समय तीन युवक गहरे पानी में चले गए, जिनमें से एक को साथियों ने बचा लिया, लेकिन हिमांशु और शिवम गहरे पानी में डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। तहसीलदार प्रकृति ध्रुव की मौजूदगी में स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया और दोनों युवकों के शव बाहर निकाले गए।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर सावधानी और सतर्कता बरतने की आवश्यकता को दर्शाती है।





