पेंड्रा-मरवाही

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में दर्दनाक घटना: शादी टलने से आहत प्रेमी युगल ने उठाया आत्मघाती कदम

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (विश्व परिवार)। जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत पनकोटा गांव से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है। शादी में हो रही देरी से निराश एक प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
कम उम्र बनी शादी में बाधा
जानकारी के अनुसार कृष्णा भैना (18 वर्ष) और अनिता भैना (21 वर्ष) के बीच पिछले कुछ समय से प्रेम संबंध था। दोनों विवाह करना चाहते थे और इसके लिए अरपा महोत्सव के दौरान आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में पंजीयन कराने की कोशिश भी की। हालांकि, लडक़े की उम्र वैधानिक सीमा से कम होने के कारण पंजीयन नहीं हो सका, जिससे उनकी शादी टल गई।
तीन महीने से साथ रह रहे थे
पुलिस जांच में यह सामने आया है कि दोनों पिछले लगभग तीन महीनों से गांव के ही एक घर में लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे। शादी न हो पाने से दोनों काफी हताश थे। परिजनों ने उन्हें समझाया था कि उम्र पूरी होने पर विधिवत विवाह करा दिया जाएगा, लेकिन वे मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहे थे।
पहले युवती, फिर युवक ने दी जान
बताया जा रहा है कि बीती रात अनिता ने घर के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कृष्णा ने उसे फंदे से उतारकर परिजनों को इसकी सूचना दी। इस घटना से वह गहरे सदमे में चला गया। कुछ ही समय बाद उसने घर के बाहर नीलगिरी के पेड़ पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। इस आत्मघाती कदम ने दोनों परिवारों को गहरे आघात में डाल दिया है।
यह घटना एक बार फिर युवाओं के बीच भावनात्मक असंतुलन और सामाजिक दबाव की गंभीरता को उजागर करती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts