भिलाई (विश्व परिवार)। शहर में शुक्रवार देर रात एक भीषण सडक़ हादसे में 27 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 41 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हडक़ंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा रायपुर से भिलाई आने वाले मार्ग पर चरोदा जीआरपी चौकी के पास रात करीब 10 से 11 बजे के बीच हुआ। मामला भिलाई-3 (पुरानी भिलाई) थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। हादसे में खुर्सीपार स्थित बापू नगर, वार्ड 31, सुभाष मार्केट ज़ोन-2 निवासी गूंजा चतुर्वेदी (27 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, खुर्सीपार के उडिय़ा मोहल्ला, वार्ड 33 निवासी दीपक मोंगराज (41 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।





