जशपुर (विश्व परिवार)। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर गम्हरिया के पास गुरुवार सुबह करीब 6 बजे एक भीषण सडक़ दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पैदल चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गम्हरिया निवासी लकड़ा मिस्त्री और हिरा मिस्त्री की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोनों पेशे से वाहन मिस्त्री बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पिकअप की गति काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे को अंजाम देने के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि फरार चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





