छत्तीसगढ़दुर्ग

रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर सात लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग (विश्व परिवार)। जिले की छावनी थाना पुलिस ने रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर सात लाख की ठगी करने वाले दो अरोपियोंं को मध्यप्रदेश के रींवा से गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया सरोज पटेल, उम्र 43 वर्ष, निवासी हनुमान मंदिर के पास, प्रगति नगर, कैंप 1, भिलाई द्वारा थाना छावनी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि आरोपी पायल पांडे एवं सिद्धमून उर्फ लाल पांडे, निवासी प्रगति नगर कैंप 1, भिलाई द्वारा प्रार्थिया के पुत्र पीयूष पटेल को रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 7 लाख की राशि प्राप्त कर धोखाधड़ी की गई। रिपोर्ट पर थाना छावनी में धारा 318(4), 296, 351(3) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपियों के रीवां (मध्यप्रदेश) में होने की जानकारी प्राप्त होने पर पुलिस टीम रवाना की गई जहां पहुंचकर पुलिस ने आरोपियों पायल पांडे, निवासी प्रगति नगर कैंप 1, भिलाई तथा सिद्धमून उर्फ लाल पांडे, निवासी प्रगति नगर कैंप 1, भिलाई को विधिवत हिरासत में लेकर थाना छावनी लाया गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपराध करना स्वीकार किए जाने पर विधिसम्मत कार्रवाई की गई तथा न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की नौकरी या सरकारी पद दिलाने के नाम पर धनराशि की मांग किए जाने पर सतर्क रहें तथा ऐसे मामलों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। धोखाधड़ी करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts