छत्तीसगढ़बिलासपुर

शराब के नशे में स्कूल पहुंचे दो शिक्षक निलंबित, डीईओ ने की कड़ी कार्रवाई

बिलासपुर (विश्व परिवार)। स्कूल में शराब के नशे में पहुंचने के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने सख्त कदम उठाते हुए मस्तूरी विकासखंड के दो सहायक शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। दोनों मामलों में स्थानीय शिकायत, जांच और स्पष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह कार्रवाई की गई।
पहला मामला ग्राम पंचायत जुनवानी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का है। 6 मार्च को ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि स्कूल निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान वहां पदस्थ सहायक शिक्षक संदीप रात्रे शराब के नशे में पाए गए। स्कूल के प्रधान पाठक ने भी बताया कि संदीप रात्रे अक्सर बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहते हैं, जिससे स्कूल की पढ़ाई व्यवस्था प्रभावित होती है।
ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जनप्रतिनिधियों और स्कूल स्टाफ ने संयुक्त रिपोर्ट तैयार कर इसे मस्तूरी के विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को सौंप दिया। बीईओ की जांच में भी शिकायत सही पाई गई। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने संदीप रात्रे को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दर्रीघाट निर्धारित किया गया है।
दूसरा मामला मस्तूरी ब्लॉक के पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला कुकुर्दीकला का है। यहां पदस्थ सहायक शिक्षक उत्तम कुमार कंवर के खिलाफ भी शराब पीकर स्कूल आने की शिकायत मिली थी। मामले की जानकारी मिलने पर बीईओ ने शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा। जवाब में उत्तम कुमार कंवर ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। इसके बाद बीईओ की रिपोर्ट के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने उन्हें भी निलंबित कर दिया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी जिले में शराब के नशे में स्कूल आने वाले करीब 14 से अधिक शिक्षकों पर निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है। इसके बावजूद कुछ शिक्षक अपनी आदतों में सुधार नहीं कर पा रहे हैं, जिस पर शिक्षा विभाग लगातार सख्ती बरत रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts