रायपुर (विश्व परिवार)। वक्फ बोर्ड संपत्ति संशोधन को लेकर कल एक मई को भाजपा की एक आम बैठक होने जा रही है। जिसमें मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री एवं संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी भाग लेंगे। भारत शासन के केन्द्रीय मंत्री बी.के. सिंह इस बैठक में भाग लेने पहुंच रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी ने बताया कि भारत की संसद द्वारा वक्फ बोर्ड संशोधन विधेयक पास करने के बाद यह कानून बन गया है। इस कानून को लेकर अब विपक्षी दलों द्वारा कई भ्रंतियां फैलाई जा रही है। सभी मुद्दों को लेकर भाजपा द्वारा भी एक अभियान चलाया जा रहा है। इसी तारतम्य में कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक कल एक मई को होगी। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के अलावा सभी कैबिनेट मंत्री, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, संगठन मंत्री पवन साय सहित अनेक पदाधिकारी शामिल होंगे। भाजपा की यह बैठक प्रात: 10.30 बजे शुरू हो जाएगी। बैठक का उद्देश्य वक्फ बोर्ड संशोधन विधेयक को महत्वपूर्ण ढंग से लागू करना है। इस संबंध में जो लोक भ्रांतियां फैला रहे हैं उनको दूर करना है।
वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज ने बताया कि वक्फ संपत्ति संशोधन कानून बनने से बोर्ड की संपत्तियां सुरक्षित रहेंगी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ ऐसा पहला राज्य है, यहां पर वक्फ की संपत्तियों से किराया आने लगा है। सभी मस्जिदों को निर्देशित किया गया है कि मासिक किराय ऑनलाईन भेंजे। इससे गरीबों के कल्याण के लिए कार्य किए जाएंगे। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सहित अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे।