छत्तीसगढ़रायपुर

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 8 से 13 मार्च तक महिला महा जन-सुनवाई सप्ताह

  • 33 जिलों में महिलाओं की समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण

रायपुर (विश्व परिवार)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा प्रदेश भर में 8 मार्च से 13 मार्च 2026 तक महिला महा जन-सुनवाई सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान राज्य के 33 जिलों में लगातार 5 दिनों तक महिलाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई की जाएगी, ताकि पीडि़त महिलाओं को त्वरित न्याय और राहत मिल सके।
महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने बताया कि महिलाओं को जल्द न्याय दिलाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जन-सुनवाई सप्ताह के दौरान प्रदेश के विभिन्न संभागों में एक साथ सुनवाई कर मामलों का त्वरित निराकरण किया जाएगा।
आयोग के अनुसार पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में करीब 370 जन-सुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें लगभग 8000 से अधिक मामलों का निराकरण किया गया है। इसी अनुभव को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी राज्य के सभी जिलों में सुनवाई का आयोजन किया जा रहा है।
इस अभियान को सफल बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, वन स्टॉप सेंटर और अन्य संबंधित विभागों का सहयोग लिया जा रहा है। साथ ही सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की भी विशेष व्यवस्था रहेगी।
आयोग ने बताया कि जन-सुनवाई का समय सुबह 10 बजे से निर्धारित किया गया है। जिन महिलाओं के मामले सुनवाई के लिए सूचीबद्ध हैं, उन्हें स्वयं उपस्थित होना होगा। इसके अलावा जो महिलाएं पहले आवेदन नहीं कर पाई हैं, वे भी मौके पर पहुंचकर अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकती हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts