रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कबीर नगर पुलिस ने अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय एक आरोपी 50 हजार रूपये कीमत की 8.53 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। वहीं, संपूर्ण कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ईशु अग्रवाल के निर्देशन तथा थाना प्रभारी कबीर नगर निरीक्षक एस.एन. सिंह के नेतृत्व में अंजाम दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना कबीर नगर क्षेत्र अंतर्गत बीएसयूपी कॉलोनी में एक व्यक्ति के द्वारा अवैध रूप से नशीले पदार्थ की बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ एवं तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 8.53 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रूपये बताई जा रही है। इसके अलावा आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अवतार सिंह उर्फ पवन (31 वर्ष) के रूप में हुई है, जो जिला फिरोजपुर, पंजाब का निवासी है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी रायपुर में किसके संपर्क में था और नशे की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 21/2026, धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।





