छत्तीसगढ़बिलासपुर

चलती कार में युवकों की खतरनाक स्टंटबाजी, वीडियो वायरल होने पर पुलिस जांच में जुटी

बिलासपुर (विश्व परिवार)। शहर में चलती कार में दो युवकों द्वारा खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हडक़ंप मच गया है। मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा सेक्टर-डी इलाके का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक नैनो कार में सवार दो युवक चलती गाड़ी की खिडक़ी पर बैठकर स्टंट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान वे अपनी और सडक़ पर चल रहे अन्य लोगों की जान को जोखिम में डालते नजर आए। बताया जा रहा है कि जब यह स्टंटबाजी की जा रही थी, उसी समय पीछे से आ रही एक कार में बैठी महिला ने पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में कार का नंबर भी स्पष्ट दिखाई दे रहा है, जो दुर्ग पासिंग का बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने इस तरह की लापरवाहीपूर्ण हरकत पर नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक सडक़ों पर इस तरह की स्टंटबाजी किसी बड़े हादसे को जन्म दे सकती है। इधर, सिरगिट्टी पुलिस ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर कार मालिक और उसमें सवार युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पहचान होने के बाद आरोपियों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और इस तरह की जोखिम भरी गतिविधियों से दूर रहें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts