छत्तीसगढ़धमतरी

धमतरी पुलिस का बड़ा एक्शन, हेरोइन के साथ दो युवक गिरफ्तार

धमतरी (विश्व परिवार)। नशे के कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। कुरूद पुलिस ने स्कूल के पास हेरोइन (चिट्टा) बेचने की फिराक में घूम रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1.1 ग्राम हेरोइन, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
धमतरी जिले को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कुरूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम छाती स्थित एनएच-30 हाईस्कूल के पास दो व्यक्ति हेरोइन (चिट्टा) बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 1.1 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 36 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कुरूद थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वाहिद खान निवासी संजय नगर, कुरूद और केशवराम ध्रुव निवासी संजय नगर, कुरूद के रूप में हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts