छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर–दुर्ग रेलखंड का डीआरएम दयानंद ने किया विंडो निरीक्षण, मानसून सुरक्षा और दुर्ग स्टेशन री-डेवलपमेंट का लिया जायजा

रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने आज दिनांक 08 जुलाई 2026 को जनशताब्दी एक्सप्रेस (रायगढ़–गोंदिया) से रायपुर रेलवे स्टेशन से दुर्ग रेलवे स्टेशन तक रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने रायपुर से दुर्ग तक लोकोमोटिव में निरीक्षण के माध्यम से रेल अवसंरचना, संरक्षा एवं परिचालन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर उनके साथ वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी सहित मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी स्टेशन री- डेवलपमेंट एजेंसी के मैनेजर भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित व्यवस्थाओं एवं कार्यों का चलती ट्रेन में एवं दुर्ग स्टेशन पर रीडेवलपमेंट कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मानसून के दृष्टिगत आवश्यक सेफ्टी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने ड्रेनेज सिस्टम का विशेष निरीक्षण किया। मंडल रेल प्रबंधक ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु के दौरान रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म के रेलवे ट्रैक के आसपास वर्षा का जल तथा ड्रेनेज का पानी सुगमता से बाहर निकल सके, जिससे यात्रियों एवं रेल परिचालन पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
दुर्ग रेलवे स्टेशन पर स्टेशन री-डेवलपमेंट योजना के अंतर्गत संचालित स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों के साथ चर्चा की, कि रेल परिचालन के साथ-साथ यात्रियों के लिए उपलब्ध यात्री सुविधाओं में कोई बाधा ना आए इसको देखते हुए री डेवलपमेंट के निर्माण कार्य किए जाएं। निरीक्षण के दौरान ओवरहेड वाटर टैंक निर्माण , पार्सल कार्यालय, बुकिंग कार्यालय,स्टोर-कम-ऑफिस, स्टेशन परिसर में यात्रियों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन हेतु की जा रही व्यवस्थाओं, स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की प्रगति, पार्किंग व्यवस्था, यात्री प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट सहित विभिन्न परिसंपत्तियों एवं सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्टेशन री-डेवलपमेंट योजना के अंतर्गत संचालित सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूर्ण किया जाए तथा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts