रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ व्हीलचेयर रग्बी एसोसिएशन एवं रोटरी क्लब ऑफ रायपुर सुप्रीम तथा रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय व्हीलचेयर रग्बी प्रतियोगिता का सफल आयोजन सालेम इंग्लिश मीडियम स्कूल, रायपुर में किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न संभागों से आए दिव्यांग खिलाड़ियों ने उत्साह, साहस, खेल भावना और अदम्य इच्छाशक्ति का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में रायपुर टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि बिलासपुर टीम उपविजेता रही। खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने यह संदेश दिया कि दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और अवसर मिलने पर दिव्यांगजन भी खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एम्स के डायरेक्टर लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. अशोक जिंदल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में संजय अग्रवाल, अध्यक्ष, योग आयोग, तथा प्रशांत सिंह रघुवंशी, संयुक्त सचिव, छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन ,रोटे. पुनीत अग्रवाल कार्यक्रम अध्यक्ष,राकेश सिंह ठाकुर संस्थापक,रोटरी क्लब ऑफ़ रायपुर ईस्ट के अध्यक्ष रोटे. कमाल किशोर अग्रवाल एवं रोटे आशीष अग्रवाल भी शामिल हुए। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें खेल के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया।
आयोजकों ने कहा कि व्हीलचेयर रग्बी जैसी प्रतियोगिताएं दिव्यांगजनों में आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इस प्रकार के आयोजन समाज में समानता, समावेशिता और खेल भावना को मजबूत करते हैं।
रोटरी क्लब ऑफ रायपुर सुप्रीम के अध्यक्ष रोटेरियन एस. के. श्रीवास्तव एवं रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस की अध्यक्ष रोटेरियन प्रियंका गुप्ता ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए कहा कि दोनों क्लबों का उद्देश्य सेवा के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, आयोजकों, सहयोगी संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने तथा खेलों के माध्यम से उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।
यह आयोजन छत्तीसगढ़ में व्हीलचेयर रग्बी को प्रोत्साहित करने तथा दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए खेल के नए अवसर विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हैं।








